दो जिलों को जोड़ने वाला मोहन सेतु पुल का निर्माण अधर में लटकने के विरोध में मधुबन तहसील क्षेत्र के धर्मपुर विशुनपुर गांव के ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। साथ ही आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मोहन सेतु मऊ, देवरिया जिले जोड़ता है। मधुबन तहसील क्षेत्र के देवारा क्षेत्र का मुख्य मार्ग है। देवरिया के तरफ पुल का सारा काम हो गया है जबकि मऊ जनपद के तरफ न अभी पुल बना है एप्रोच का निर्माण हुआ है। वर्षो से बदहाल पड़ा हुआ है। ऐसे में लोगों को देवरिया जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है जो कि जान जोखिम भरा कदम होता है। बरसात के दिनों में नारकीय जीवन जीना पड़ता है। बाढ़ आने की स्थिति में संपर्क कट जाने से बाजार से सामान खरीदना मुश्किल होता है। पुल निर्माण के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन सिर्फ आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। पुल का निर्माण कार्य अविलंब पूरा नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य हो जाएगे। प्रदर्शन करने वालों सुनील रावत, राजेश यादव, मुन्ना यादव, अभय यादव, मुलायम यादव, रमेश, महेश चौहान, इंद्रजीत राजभर, रामप्रताप,राजीव, सोनू,जयचंद्र गुप्ता, अनिल कुमार,सलमान, सूर्यनाथ गुप्ता, रामनाथ साहनी आदि मौजूद थे।