मथुरा स्थित टाउनशिप फ्लाईओवर पर शनिवार को दर्दनाक हादसे में होमगार्ड की परीक्षा देने जा रहे दो अभ्यर्थियों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आगरा से अभ्यर्थी मामा-भांजे अपने रिश्तेदार युवक के साथ परीक्षा देने के लिए औरंगाबाद स्थित परीक्षा केंद्र पर जा रहे थे। शारदा विहार, बोदला, आगरा के साजिद खान उर्फ टीटू (18) ने अपने मामा पोइया, खंदौली निवासी मजीद खान (28) के साथ होमगार्डस की परीक्षा का फॉर्म भरा था। परीक्षा देने के लिए मजीद टेढ़ी बगिया, आगरा निवासी भतीजे शाकिर (15) को साथ लेकर बाइक से सुबह करीब साढ़े छह बजे मथुरा के लिए निकले थे। सुबह करीब सात बजे बाइक सवार टाउनशिप फ्लाईओवर पर थे। तभी डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि साजिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मजीद और शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने मजीद को भी मृत घोषित कर दिया। शाकिर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम गृह भेजा।