ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हाई पावर्ड कमेटी के आदेश पर जगमोहन में आवाजाही प्रतिबंधित करने के खिलाफ गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं का कहना है कि मंदिर के जगमोहन से दर्शन करना उनका पारंपरिक अधिकार है। बता दें कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में गर्भगृह के समीप जगमोहन से महिलाओं और पुरुषों के लिए दर्शन करने की सुविधा दशकों से उपलब्ध थी। जो ठाकुरजी के गर्भगृह से बाहर निकलने पर बंद रहते थे। लेकिन बीते दिनों हाई पावर्ड कमेटी द्वारा जगमोहन में दोनों तरफ कटघरा लगाकर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी। हाई पावर्ड कमेटी के इस फैसले के खिलाफ शनिवार को गोस्वामी समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्रित होकर मंदिर कार्यालय पहुंचीं। उनका कहना था कि गोस्वामी समाज के परिजनों और रिश्तेदारों को जगमोहन से दर्शन करने का पारंपरिक अधिकार है। अब उन्हें भीड़ में आम श्रद्धालुओं के साथ दर्शन करने पड़ते हैं। जिससे उनके मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से अपना निर्णय बदलने की मांग की है।