बलदेव। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को बलदेव नगरी देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। श्री बलभद्र इंटर कॉलेज से निकली तिरंगा यात्रा में ‘मां तुझे सलाम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से नगर गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों, युवाओं व नागरिकों ने देशभक्ति का जोश भर दिया। शुभारंभ विधायक पूरन प्रकाश व एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी ने तिरंगा लहराकर किया। एनसीसी कैडेट बालक-बालिकाओं ने विधायक, एसडीएम अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। संयोजक सुधाकर उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया। यात्रा पुराने बस स्टैंड, पश्चिमी स्कूल, मोती बाजार, शिवरतन बाजार रीढ़ा रोड से होते हुए प्रमुख मार्गों से निकली। श्री बलभद्र इंटर कॉलेज, श्री दाऊजी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जगह-जगह स्वागत सम्मान हुआ। विधायक पूरन प्रकाश ने कहा तिरंगा देश की आन, बान शान का प्रतीक है। यह ऐतिहासिक महत्व का आयोजन है, जिसमें लोगों ने पूरे उत्साह जोश के साथ भाग लिया। इस दौरान मंडल प्रभारी जगमोहन पाठक, सीओ संजीव कुमार राय, वीडीओ नेहा रावत, तहसीलदार जितेंद्र सिंह चाहर, प्रतिनिधि पंकज प्रकाश, तरुण प्रकाश, लेखराज सिंह प्रधान, चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल, वीरपाल सिंह भरंगर, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गोयल, चेतन उपाध्याय, बबलू सोनी, राधिका चौधरी, एनएस वर्मा, अर्जुन सिंह, डॉ. देव परिहार, मनोज चौधरी, देवकी कौशिक मौजूद रहे।