बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सोमवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने परिक्रमा मार्ग स्थित बृज धाम में आयोजित राम कथा का श्रवण किया। राज्यपाल ने संतों के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि की कामना की। मीडिया से रूबरू होते हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने बताया कि भारत की प्राचीन परंपराएं और संस्कृति आज भी जीवित हैं, जिसका श्रेय हमारे संतों को जाता है। उन्होंने गौरव व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया में भारत के प्रति सम्मान और आदर का भाव बढ़ा है। आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह मेरा परम सौभाग्य है कि मैंने भारत जैसी महान पुण्य भूमि पर जन्म लिया है।