कुलपहाड़-नौगांव मार्ग पर कस्बा जैतपुर के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे चालक उछलकर दूर जा गिरा जबकि पीछे बैठा वृद्ध कार के अगले हिस्से में फंसकर बाइक समेत 50 मीटर घिसटता चला गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। गंभीर हालत में चालक को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। थाना अजनर के बघौरा गांव निवासी मो. गुलाम कादिर (40) पड़ोसी श्यामलाल (72) के साथ मंगलवार को बाइक से जमीन से संबंधित काम के लिए तहसील कुलपहाड़ आया था। शाम को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी जैतपुर में नहर के पास पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे गुलाम कादिर उछलकर दूर जा गिरा और घायल हो गया जबकि श्यामलाल बाइक समेत कार के अगले हिस्से में फंस गया। कार चालक 50 मीटर तक घसीटता ले गया।