कबरई ब्लॉक के ग्राम उरवारा से ननौरा तक बनाई जा रही सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। काम पूरा होने से पहले ही सड़क उखड़ने लगी है। हाथों से सड़क के टुकड़े किसी कारपेट की तरह उखड़ने रहे हैं। इस सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए पूरी सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने श्रीनगर क्षेत्र के ग्राम उरवारा से ननौरा तक करीब तीन किमी की सड़क का निर्माण एक सप्ताह पहले शुरू कराया है। 35.10 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के निर्माण का कार्य अभी पूरा ही नहीं हुआ था कि सड़क उखड़ना शुरू हो गई। उरवारा गांव के कुछ युवाओं ने इस सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि ठेकेदार ने यहां पर डामर और गिट्टी डालना तो शुरू किया लेकिन रोडरोलर चलाना ही भूल गया। इसके चलते हाथ से किसी कारपेट की तरह सड़क के टुकड़े उखड़ने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 200 मीटर तक सड़क बनाई गई है। सड़क ननौरा गांव तक बनाई जानी है लेकिन काम पूरा होने से पहले ही सड़क उखड़ने से मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है।