खाली ट्रक का 22000 का चालान करने से आहत ट्रक मालिक ने आरटीओ कार्यालय परिसर में पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। विवेकनगर कबरई निवासी ट्रक मालिक बृजेश विश्वकर्मा का कहना है कि उसका ट्रक कबरई में सड़क किनारे खाली खड़ा था। उसके रोड टैक्स, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस सभी कागजात होने के बाद भी एआरटीओ महोबा में चालान कर दिया। भारी भरकम चालान किए जाने से वह परेशान है। मामले से चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को भी अवगत कराया। पीड़ित का कहना है विधायक ने आरटीओ महोबा को फोन भी किया लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसके बाद उसने आरटीओ कार्यालय परिसर में पहले पेट्रोल पिया और बाद में शरीर में डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।