थाना खन्ना व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी शातिर आरोपी को शनिवार की सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस व बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट, गुंडा एक्ट समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष खन्ना वीरेंद्र प्रताप सिंह और एसओजी प्रभारी शिवप्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम इलाही पुरवा तिराहे पर सर्विस रोड के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। तब आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने बचाव करते हुए गोली चलाई। गोली पैर में लगने से आरोपी घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम दीपक अहिरवार निवासी प्राइवेट बस स्टैंड महोबा बताया है।