ललितपुर के बार कस्बा क्षेत्र में तेज हवा और बारिश से कई गांवों के किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। हालांकि, जिन किसानों को अपनी गेहूं की फसल में पानी देना था, उनके लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हुई। साथ ही कस्बा क्षेत्र के कई गांवो भी नुकसान की खबरें आ रही है। ग्राम पंचायत पुलवारा,धमना में कई किसानों की गेहूं की फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं। तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण फसलें खेत में बिछ गईं, जिससे अब उनमें दाना पड़ने की उम्मीद कम हो गई है। पुलवारा के किसान विजय बहादुर बुंदेला ने बताया कि उनकी फसल को नब्बे प्रतिशत नुकसान हुआ है। उन्होंने महंगे दामों पर खाद खरीदकर फसल बोई थी। ग्राम धमना निवासी किसान रमेश रैकवार, तुलसीराम ने कहा कि उन्होंने कर्ज लेकर फसल लगाई थी, लेकिन हवा से पूरी फसल गिर गई है। उन्होंने आर्थिक मदद की मांग की है। नाथूराम विश्वकर्मा ने भी बताया कि रात में तेज हवा के साथ हुई बारिश से उनकी फसल बर्बाद हो गई है।इस संबंध में पुलवारा धमना के लेखपाल आशीष आर्या ने बताया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देंगे।