लखीमपुर-खीरी में डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में जिले की पहली सीनियर डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन रविवार को जेनिसिस क्लब में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के तमाम युवक-युवतियों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन व स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमों के अनुसार आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के विभिन्न स्विमिंग इवेंट कराए गए, जिनमें खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसी दौरान जूनियर एवं सब-जूनियर इनविटेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य जिले में तैराकी खेल को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए करना रहा। विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी 67वीं सीनियर स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।