लखीमपुर खीरी के महेवागंज में बंद पुल के आसपास मोहब्बतनगर नाम से बसी हुई बस्ती के गरीब मजदूरों को सुरक्षा व स्थायी आवास देने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी व ऐपवा ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी की सदस्य कृष्णा अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान है कि जहां झोपड़ी वहां मकान, लेकिन हो ये रहा है जहां झोपड़ी वहां बुलडोजर। उन्होंने कहा कि दशकों से बसे इस गांव को प्रॉपर्टी डीलर कई बार बलपूर्वक उजाड़ने की कोशिश कर चुके हैं। हाल ही में प्रेम-प्रसंग को लेकर दो परिवारों में हुई मारपीट और एक युवक की मौत के बाद भाजपा विधायक द्वारा पूरे गांव को अतिक्रमणकारी बताकर बुलडोजर से उजाड़ने की धमकी दी जा रही है। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष आरती ने कहा कि घटना केवल दो परिवारों तक सीमित थी और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। ग्रामीणों का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।