लखीमपुर खीरी के युवराज दत्त महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम दौर चल रहा है। स्नातक और परास्नातक के लिए आवेदन भरने की तिथि 30 जून तय की गई है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि एक बार आवेदन के लिए तिथियों में बदलाव किया गया था, लेकिन अब कोई मौका नहीं मिलेगा। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि स्नातक और परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन है। यहां पर बीए की 1320 के अलावा बीकाम-360, बीएससी-600, बीएड-50, एमए फिलॉसफी-60, एमए अंग्रेजी-60, एमए राजनीतिक विज्ञान-120, एमए हिंदी-60, एमए अर्थशास्त्र- 60, एमए इतिहास-60, एमकॉम-60 व एमएससी बॉटनी-20 सीटों पर प्रवेश लिया जाता है। छात्र-छात्राओं को प्रवेश के दौरान किसी तरह की कोई दिक्कत न उठानी पड़े इसको लेकर कॉलेज कैंपस में ही एक प्रवेश समिति गठित है। टीम में शामिल सदस्य कैंप में आने वाले हर विद्यार्थी की परेशानी को समझते हुए उनका समाधान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 1700 आवेदन आए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद प्रवेश लिया जाएगा। मेरिट में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं का प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। सूची में रिक्त सीटों के बाद दूसरी मेरिट जारी की जाएगी इसमें छूटे हुए प्रवेशार्थियों को मौका दिया जाएगा।