लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील क्षेत्र के ग्रंट नंबर 12 गांव में शारदा नदी का कहर लगातार जारी है। रोजाना कोई ना कोई घर नदी की धारा में समा रहा है। मंगलवार की सुबह गांव की सड़क को पूरी तरह कटने के बाद खुशीराम का आधा मकान भी कटान की जद में आ गया। पीड़ित खुशीराम ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से शारदा का कटान बेहद तेज हो गया है। सुबह ही उनका आधा मकान ध्वस्त हो गया। उन्होंने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले ही बच्चों को सुरक्षित निकालकर सड़क पर शरण ले रखी है। गृहस्थी का सामान भी इधर उधर बिखरा पड़ा है। इस संबंध में तहसीलदार मुकेश वर्मा ने कहा कि जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते कटान तेज हुआ है। ग्रामीणों को ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। साथ ही लेखपाल को रोजाना कटान की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।