लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र में जालसाजों ने जमीन की मालिक महिला की जगह दूसरी महिला को खड़ा कर पहले बैनामा कराया और दाखिल-खारिज करा लिया। इसके बाद उसी जमीन का दूसरा बैनामा भी कर दिया गया, जिसका भी दाखिल-खारिज हो गया। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जमीन पर मूल मालिक का ही कब्जा बना रहा और खेत में उसका बोया हुआ गन्ना खड़ा है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला खतौनी लेने तहसील पहुंची और कागजों में उसका नाम ही गायब मिला। इसके बाद से पीड़िता तहसील अधिकारियों की चौखट पर चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।