लखीमपुर खीरी जिले में बेमौसम हुई बारिश से बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र के बूधरपुर, खंजनपुर, महोलिया, ग्रंट नंबर तीन, नरगढ़ी, जटपुरा, कुकरा आदि गांवों के सैकड़ों किसानों के खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं, लाही, केला और गन्ने की फसलों में पानी भर गया, जिससे फसलें बर्बाद हो गईं। किसानों का आरोप है कि तहसील प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर सर्वे करने नहीं पहुंचा। इससे परेशान बूधरपुर गांव के किसान बिहारी लाल ने दो एकड़ फसल गेहूं फसल की जोताई कर डाली। बूधरपुर गांव निवासी किसान प्रमोद कुमार का कहना है कि बेमौसम हुई बारिश से उनके खेतों में खड़ी दो एकड़ गेंहू फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो गई। फसल कटाई के बाद बिक्री के पैसों से बिटिया के हाथ पीले करने थे। बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से उनके अरमानों पर पानी फिर गया।