लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में सुहेली नदी की खोदाई सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक शशांक वर्मा की मौजूदगी में शुरू करा दी। इस मौके पर तमाम किसान मौके पर मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि अब फसलें नहीं डूबेंगी। अधिकारियों ने कहा कि किसानों का सहयोग मिला तो जल्दी ही काम पूरा हो जाएगा। एशिया का सबसे बड़ा गजियापुर साइफन वर्षों से सुहेली नदी के पट जाने से बंद हो गया था। इसके चलते पलिया और निघासन के किसानों व दुधवा नेशनल पार्क के वन्यजीव जंतुओं को मुसीबत जंगल और खेतों में पानी जमा रहने के चलते होती थी। बृहस्पतिवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी टीम के साथ लट्ठौहा घाट पहुंचे। यहां पर खोदाई के लिए आई करीब आधा दर्जन जेसीबी की पूजा अर्चना क्षेत्रीय विधायक शशांक वर्मा और विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में की गई।