लखीमपुर खीरी के धौरहरा तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में लोगों ने राजस्व, पुलिस, बिजली और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी दोपहर करीब 12 बजे समाधान दिवस में पहुंचे। डीएम के पहुंचते ही फरियादियों की भीड़ बढ़ गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को गेट पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों को लाइन में लगाकर प्रार्थना पत्र देने के निर्देश दिए। भीड़ अधिक होने के कारण प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, एसडीएम शशिकांत मणि तथा विधायक विनोद शंकर अवस्थी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।