लखीमपुर खीरी के एलआरपी स्थित फन मॉल के पीछे पटेल विहार कॉलोनी में जलभराव से परेशान लोगों का सोमवार को सब्र जवाब दे गया। बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी महिलाएं और बच्चे डीएम कार्यालय पहुंचे और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। लोगों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कॉलोनी में घुटनों तक पानी भरा है। घरों में पानी घुसने के साथ कीड़े-मकोड़े भी पहुंच रहे हैं।
लोगों का कहना था कि उन्हें इस पानी से होकर ही जरूरी काम के लिए बाहर निकलना पड़ रहा है। लोगों ने ये भी आरोप लगाया कि बच्चे जब डीएम की गाड़ी के आगे आए तो उन्हें डराने के लिए उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी चढ़ाने की बात कही।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक राजापुर क्रॉसिंग ओवरब्रिज के नीचे ड्रेनेज पाइप पड़ी थी, जिससे आसपास के मोहल्लों का पानी निकल जाता था। पाइप चोक होने के बाद इस वर्ष से जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। एलआरपी से राजापुर क्रॉसिंग तक मार्ग पर पानी भरा हुआ है, जिससे पटेल विहार के लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
महिलाओं और बच्चों ने बताया कि स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन जलभराव के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। कई घरों में पानी घुस गया है। बिजली न आने से परेशानी और बढ़ गई है। पेयजल के लिए भी लोग परेशान हैं।
लोगों की समस्या सुनने के बाद डीएम अंजनी कुमार ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर तत्काल समस्या का निदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मोहल्लेवासियों को जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।