नेशनल हाईवे-2 सैनी कोतवाली के गुलामीपुर के पास शुक्रवार सुबह भीषण हादसा हो गया। कांवड़ियों से भरी पिकअप आगे खड़ी ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे में महिला समेत तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी सिराथू पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख एक कांवड़िए को एसआरएन रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही मौके पर डीएम मधुसूदन हुलगी, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अफसरों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।