जाजमऊ थाना क्षेत्र के रसूलाबाद इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। घर की छत पर टहल रहा एक युवक अचानक छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में युवक को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई मकानों के बेहद करीब से हाईटेंशन लाइनें गुजर रही हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से लाइन को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट कराने की मांग की है।