इस बार गर्मी में लोगों को ओवरलोड व फॉल्ट की समस्या से निजात मिलेगी। बिजली विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25 में रिवैंप और बिजनेस प्लान के अंतर्गत कई कार्य कराए गए हैं। इसमें 26 नए ट्रांसफार्मर, सौ किलोमीटर से अधिक लंबी एबीसी केबल और पांच एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। कई वर्षों से नगर में ओवरलोडिंग को लेकर काफी दिक्कतें रहीं। अब इन दिक्कतों को दूर करने के लिए बिजली विभाग की तैयारी पूरी हो गई है। एसडीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में रिवैंप प्लान के अंतर्गत एचटी लाइन के 15 बिजली के पोल बदले जाने के साथ ही करीब सौ किलोमीटर लंबी एबीसी केबल बिछाने का कार्य कराया गया। साथ ही गंगाघाट टाउन बिजली सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाते हुए वहां 5 एमवीए क्षमता का एक और ट्रांसफार्मर लगाया गया। बिजली सब स्टेशन की क्षमता 10 एमवीए हो गईं। सौ केवीए क्षमता के दस, ढाई सौ केवीए क्षमता के 11 व 63 केवीए क्षमता के पांच नए ट्रांसफार्मर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जा चुके है। बताया कि इससे ओवरलोडिंग की समस्या पूरी तरह से गर्मी के दिनों में खत्म हो जाएगी। साथ ही 15 फरवरी से 15 मार्च के बीच विभाग की ओर से पुन: मरम्मत का कार्य होगा, जिसमें अन्य कार्य छूट काम होंगे।