कानपुर प्रीमियर लीग के फाइनल मैच में मंगलवार को सीसामऊ सुपर किंग्स और मयूर मिरकिल्स की टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक ग्रीनपार्क पहुंचे। स्टेडियम की हर गैलरी आठ बजे तक पूरी तरह से भर गई। न्यू प्लेयर पवेलियन, न्यू प्लेयर पवेलियन टू, पवेलियन बालकनी, डायरेक्टर पवेलियन, वीआईपी गैलरी में दर्शकों की भारी भीड़ रही। स्टेडियम की हर गैलरी से हर-हर महादेव और भारत माता की जय हो के जयकारे गूंजते रहे। फाइनल मैच में स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 20000 से अधिक रही। इससे पहले फाइनल मुकाबले की शुरुआत बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल, उप्र क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक अभिषेक सिंहानिया, केपीएल गर्वनिंग काउंसिल के चेयरमैन डा. संजय कपूर के साथ यूपीसीए के सचिव अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव रियासत अली ने घंटा बजाकर किया।