15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व है जिसको लेकर नगर के शिव मंदिरों में जोर शोर से तैयारियां शुरू हो गईं है। मंदिरों में रंगरोगन का कार्य शुरू करा दिया गया है साथ ही गंगातटों पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी जिसको लेकर नगर पालिका की ओर से भी तैयारियां शुरू करा दी गईं है। नगर के सीताराम कालोनी स्थित प्राचीन बाबा आनंदेश्वर महादेव मंदिर में विराजे महादेव के दर्शन के लिए दूर दराज से लोग यहां पहुंचते है। मंदिर की भव्य सजावट इस दिन की जाती है। मंदिर व्यवस्थापक अमित अवस्थी ने बताया कि मंदिर में रंग रोगन के साथ ही अन्य निर्माण कार्य कराया जा रहा है। रोशनी के लिए भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही है। इसी प्रकार नगर के आदर्श नगर रामगली स्थित बाबा निरंकारेश्वर मंदिर, पोनीरोड झंडा चौराहा शिव मंदिर, ब्रम्हनगर और श्रीनगर स्थित झगड़ेश्वर शिव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में तैयारियां जोरों पर है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर के मुख्य शिव मंदिरों में सुरक्षा के प्रबंध रहेगें। पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर के गंगातटों पर साफ सफाई की व्यवस्था कराने के साथ ही श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत गंगा स्नान के दौरान न हो इसको लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए है।