कानपुर में पड़ रही भीषण गर्मी और जानलेवा लू का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पसेमा विद्युत सबस्टेशन में लगे पावर ट्रांसफार्मरों का तापमान दोपहर के समय 80 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। हालात ऐसे हैं कि ट्रांसफार्मरों के फुंकने और बड़े तकनीकी हादसे का खतरा बढ़ गया है। बढ़ते तापमान के बीच बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों को ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़ रहे हैं। दोपहर के समय ट्रांसफार्मरों पर आधे-आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं, ताकि उनका तापमान नियंत्रित रखा जा सके। विभागीय कर्मचारी इसे ‘वाटर थेरेपी’ बता रहे हैं। सबस्टेशन में लगे 5 एमवी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर गर्मी के चलते अत्यधिक दबाव झेल रहे हैं। लगातार बढ़ती बिजली खपत और लू के कारण उपकरण तेजी से गर्म हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते तापमान नियंत्रित न किया जाए तो ट्रांसफार्मर फुंक सकते हैं, जिससे बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। बिजली विभाग के कर्मचारियों के अनुसार दोपहर में सबसे अधिक संकट की स्थिति बनती है। ऐसे में ट्रांसफार्मरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर पानी डालकर उन्हें ठंडा किया जा रहा है।