कानपुर के जाजमऊ स्थित नए और पुराने गंगापुल पर शुक्रवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। नए गंगापुल पर सड़क मरम्मत कार्य और पुराने गंगापुल पर कंटेनर खराब हो जाने के कारण दोनों पुलों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति के चलते वाहन घंटों रेंगते रहे और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुल के दोनों ओर ट्रकों, बसों और छोटे वाहनों की लंबी लाइनें दिखाई दीं। बताया गया कि नए गंगापुल पर सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा था, जिसके कारण वाहनों को सीमित लेन से निकाला जा रहा था। इसी बीच पुराने गंगापुल पर एक कंटेनर अचानक खराब होकर बीच रास्ते में खड़ा हो गया, जिससे यातायात और प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब कंटेनर को हटवाया, जिसके बाद पुराने गंगापुल पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।