गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के त्रिभुवनखेड़ा तिराहे के पास बुधवार की शाम तेज रफ्तार गिट्टी लदे डंपर ने बाइक सवार दूधिए को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दूधिए की मौक पर मौत हो गई। डंपर चालक फरार हो गया, डंपर व परिचालक पकड़ा गया। दूधिया गंगा बैराज में रहने वाले अपने भांजे के मुंंडन संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहा था। जुराखनखेड़ा गांव निवासी गोरेलाल (23) दूधिए का काम करता था। बुधवार की शाम बाइक से घर से जाजमऊ हाईवे के त्रिभुवनखेड़ा तिराहे होकर गंगा बैराज में रहने वाले अपने भांजे के घर उसके मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहा था। त्रिभुवनखेड़ा तिराहे के पास पीछे से गिट्टी लदे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। डंपर का पिछला पहिया बाइक व युवक पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई जिससे आधे घंटे के लिए जाम की स्थिति कानपुर-लखनऊ लेन पर रही। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।