कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में शनिवार को बैंक परिसर के भीतर एलएलबी छात्र के साथ मारपीट और लूट की घटना से हड़कंप मच गया। रमेल नगर निवासी धर्मेंद्र यादव, जो एलएलबी पांचवें सेमेस्टर के छात्र हैं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बिठूर शाखा में पैसे निकालने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव बैंक से पांच हजार रुपये निकालकर बाहर निकल रहे थे, तभी बिठूर के ही रहने वाले दो सगे भाइयों ने बैंक परिसर के अंदर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने छात्र की पिटाई की और उसकी जेब से निकाले गए पांच हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित छात्र ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और बाद में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों और पीड़ित के बीच करीब एक वर्ष पूर्व एक शादी समारोह के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसके चलते पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।