छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित अमर उजाला के भविष्य ज्योति कार्यक्रम में प्रतिभा का उत्सव देखने को मिला। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में कानपुर और आसपास के जिलों के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मान समारोह के दौरान मेधावियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह बढ़ाते हैं। उनका कहना था कि जब मेहनत और उपलब्धियों को सार्वजनिक मंच पर पहचान मिलती है तो आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।