कानपुर के बहुचर्चित बसपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर पिंटू सेंगर उर्फ नरेंद्र सिंह हत्याकांड की गूंज एक बार फिर तेज हो गई है। इस मामले से जुड़े विवाद में जाजमऊ थाने में पप्पू स्मार्ट समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि 20 जून 2020 को चकेरी थाना क्षेत्र में पिंटू सेंगर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय यह मामला कानपुर के सबसे चर्चित हत्याकांडों में शामिल रहा था। जांच में सामने आया था कि करोड़ों रुपये की विवादित जमीनों की खरीद-फरोख्त और आपसी रंजिश इस हत्याकांड की मुख्य वजह थी। अब इस प्रकरण से जुड़े नए विवाद ने फिर सनसनी फैला दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जिस तरह पिंटू सेंगर हत्याकांड से पहले रेकी की गई थी, उसी तरह अब उनके घर की भी निगरानी और रेकी कराई जा रही है। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। जाजमऊ थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पप्पू स्मार्ट समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।