कानपुर में शनिवार को आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के बाद झकरकटी बस अड्डे पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा खत्म होते ही हजारों की संख्या में छात्र बस अड्डे पहुंच गए, जिससे वहां अव्यवस्था का माहौल बन गया। अनुमान के मुताबिक 2000 से अधिक अभ्यर्थी बसों के इंतजार में घंटों खड़े रहे। रायबरेली, लखनऊ और प्रतापगढ़ रूट की बसें जैसे ही प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं, उन पर चढ़ने के लिए अभ्यर्थी टूट पड़े। स्थिति ऐसी रही कि कई बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार हो गए, जबकि सैकड़ों छात्र बस अड्डे के बाहर ही खड़े रह गए। बस अड्डे के बाहर भी हजारों की भीड़ जमा रही, जहां छात्र अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए साधन तलाशते नजर आए। कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा को देखते हुए पर्याप्त बसों की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ी।