सरसौल ब्लॉक के तिलशहरी स्थित लाला कालिका प्रसाद श्रीवास्तव इंटर कॉलेज में बुधवार को मद्यपान एवं नशे से दूरी बनाए रखने के उद्देश्य से एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय मद्यपान निषेध एवं समाज उत्थान अधिकारी लखनऊ बृजमोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी में जादूगर एस के सिंह ने अपने जादू के माध्यम से छात्र छात्राओं को मनोरंजन के साथ शिक्षा दी। उन्होंने संदेश दिया कि नशा नाश की जड़ है इससे हमेशा दूर रहना चाहिए क्योंकि यह केवल शरीर को ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र को भी कमजोर करता है। इस अवसर पर विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता पोस्टर प्रतियोगिता और वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी छात्र छात्राओं को मद्यपान सहित किसी भी प्रकार का नशा न करने की शपथ दिलाई गई।