सिंचाई विभाग की ओर से की गई तमाम कवायद के बाद भी गंगा नदी के मिश्रा कॉलोनी छोर पर हो रही कटान थम नहीं रही। किनारे बने मकानों तक कटान पहुंचने लगी है। इससे यहां के लोगों में दहशत है। सिंचाई विभाग की ओर से कटान के रोकथाम के लिए कराए गए काम का भी कोई असर नहीं दिख रहा। हालांकि अब सिंचाई विभाग ने भी रोकथाम का काम बंद करा दिया है। मिश्रा कॉलोनी के शिव बाबा घाट के पास से करीब एक महीने से तेजी से कटान हो रही। कई बीघा गंगा की रेती की जमीन का हिस्सा नदी में समा चुका है। कटान बढ़ते देख डीएम ने सिंचाई विभाग को राहत कार्य कराने के निर्देश दिए थे। इस पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन गगन शुक्ला ने कटान रोकने के लिए बल्लियों की बैरिकेडिंग कराने के साथ झाड़-झंखाड़ डलवाए। इसके बाद भी कटान नहीं थमी तो जेसीबी की मदद से स्लोब बनाए जाने का कार्य कराया गया। लेकिन कटान इसके बाद भी नहीं थमी। शनिवार को मिश्रा कॉलोनी कटान स्थल के निकट रहने वाले रामआसरे ने बताया कि उनका मकान गिरने की कगार पर पहुंच रहा है। मकान से 10 मीटर की दूरी पर ही कटान रह गई है। वहीं, सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने बताया कि जियो बैग डलवाने को लेकर विभाग प्रयास कर रहा है।