गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के छमक नाली रेल पुलिया के नीचे सोमवार की सुबह बाढ़ के पानी में एक युवक का शव उतराता मिला। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा। युवक के जेब में मिले आधार कार्ड व पैन कार्ड से बिहार के समस्तीपुर का निवासी होने की पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने युवक के किसी ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका जताई है। छमक नाली रेल पुलिया के नीचे भरे बाढ़ के पानी में युवक का शव उतराने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर की मदद से शव बाहर निकवाया। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक की जेब में रखे पर्स में आधारकार्ड, पैनकार्ड, कुछ गले कागज व पांच से छह सौ रुपये बरामद हुए है। आधार कार्ड में मृत युवक का नाम 25 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र राम कुमार सिंधिया निवासी जनार्दनपुर जनपद समस्तीपुर बिहार लिखा है। परिजनों के आने पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आशंका है कि ट्रेन से गिरने से युवक की मौत हुई है। सिर और शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान मिले है।