कोतवाली गंगाघाट के राजधानी मार्ग के अंबिकापुरम मोड़ के पास मंगलवार सुबह उन्नाव की ओर जा रहा ई-ऑटो आगे चल रहे ट्रैक्टर में जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक और उसमें सवार भाई-बहन घायल हो गए। तीनों को राहगीरों ने पास के नर्सिंग होम में उपचार के लिए भेजा। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। कोतवाली क्षेत्र के धनईया गांव निवासी विशाल और काजल कानपुर घंटाघर से ऑटो कर वापस घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही ऑटो अंबिकापुरम मोड़ के पास पहुंचा तभी आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक समेत भाई-बहन घायल हो गए। दरोगा राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मौके पर क्षतिग्रस्त ऑटो मिला था। चालक ट्रैक्टर लेकर भाग चुका था। किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है।