गंगाघाट कोतवाली परिसर में शनिवार को होली व रमजान पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मौजूद दोनों समुदायों के लोगों से त्योहार शांति व सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की गई। एएसपी ने कहा कि होली वाले दिन पांच मोबाइल टीमें भ्रमण करेंगी। सीमाओं पर बैरियर लगाए जाएंगे। हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 12 शिकायतें आईं, जिसमें से पांच का निस्तारण किया गया। पीस कमेटी की बैठक में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सुनील कुमार गौड़ व एएसपी अखिलेश सिंह ने कहा कि दोनों समुदायों के लोग शांति व सौहार्द्र के साथ त्योहार मनाएं। किसी को कहीं पर भी कोई गड़बड़ी होने की जानकारी या माहौल खराब करने वालों के बारे में पता चले तो पुलिस को तत्काल सूचना दें।