गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गंगा बैराज स्थित ट्रांस गंगासिटी के नाले में शुक्रवार की शाम दो सांड़ गिर गए। दोनों सांड़ छह घंटे तक नाले में फंसे रहे। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर दो जेसीबी की मदद से नाले की दीवार तोड़कर छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों सांड़ को निकाला, जिसमें एक सांड़ घायल हो गया। शुक्रवार शाम छह बजे ट्रांस गंगासिटी के सेक्टर-18 स्थित नाले में घास चरने के दौरान दो सांड़ आवारा सांड़ गिर गए। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो जेसीबी मंगवाई और रेस्क्यू आपरेशन कर नाले की कई फिट लंबी दीवार तोड़ी। रात 12 बजे दोनों सांड़ को किसी तरह से बाहर निकाला गया। बैराज चौकी प्रभारी मान सिंह ने बताया कि समय पर रेस्क्यू आपरेशन से दोनों सांड़ की जान बच गई।