नरवल तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने नरवल के चकबंदी लेखपाल पर रुपये वसूलने का आरोप लगने के बाद सख्त हिदायत दी। सुनवाई के कुछ ही देर बाद उसी लेखपाल पर एक और व्यक्ति ने पैसे मांगने का आरोप लगाया तो जिलाधिकारी ने एसओसी चकबंदी को बुलाकर लेखपाल के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए। निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर पूरी कार्यवाही से उन्हें अवगत कराएं। दिव्यांग राकेश प्रजापति ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि नरवल की ही रहने वाली शांति देवी की जमीन की पैमाइश होनी थी। शांति देवी मेरे मित्र की मां हैं, जो की विधवा है। उनका पूरा काम मैं ही देखता हूं। आरोप लगाया कि पैमाइश के लिए लेखपाल ने 90 हजार रुपये की मांग की थी। अस्सी हजार उनकी कार के अंदर दिए तथा दस हजार रुपए खेत पर दिए थे।