गवान झूलेलाल जी की 1076वीं जयंती पर पूज्य सिंधी पंचायत भवन शहर में संत समागम महोत्सव का आयोजन श्रद्धा से हुआ। भगवान झूलेलाल जी की भव्य आरती के पश्चात पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत झांसी के तत्वावधान में बहराणा साहिब के साथ विशाल एवं आकर्षक शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव एवं सुधांशु त्रिपाठी ने किया। मिनर्वा चौराहा, रानी महल, सुभाष गंज, गांधी रोड, बड़ाबाजार, मानिक चौक, सिंधी तिराहा, कोतवाली आदि प्रमुख क्षेत्रों से होकर शोभायात्रा पंचायत भवन में संपन्न हुई। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और जयकारे लगाए। इसके पश्चात पवित्र ज्योति का आंतिया तालाब पर विधिवत अरदास के साथ विसर्जन किया गया। विश्व शांति, मानव कल्याण एवं समाज की उन्नति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। शोभायात्रा में हमारी बेटियां आसमान छू लेंगी की प्रेरणादायी झांकी, वीर शहीद हेमू कलानी, सिंधु सम्राट दाहर सेन, महारानी लक्ष्मीबाई, राम दरबार, वानर सेना एवं भगवान झूलेलाल के दिव्य स्वरूपों की झांकियां शामिल रहीं। अखंड ज्योति के दर्शन कर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। नासिक ढोल एवं राधा कृष्ण झांकी ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।