आटा थाना क्षेत्र के अटरिया गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। इसके बाद हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक के हाथ में दोनाली बंदूक लिए दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर फायरिंग और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। सीओ राजेश कमल का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।