आर्थिक तंगी के कारण कुरारा क्षेत्र में एक युवक के शव को परिजन ई-रिक्शा से ले गए। ई-रिक्शा में पटरा लगाकर शव को लिटाया गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है। जानकारी के अनुसार, कुरारा कस्बे के निवासी जाकिर का शव शनिवार सुबह खिरवा मार्ग की पुलिया के पास मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने शव को ई-रिक्शा से ही घर ले जाना उचित समझा। इस संबंध में सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव मोर्चरी से परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाता है। इसके बाद वह किस साधन से ले जाते हैं, यह उनका निजी निर्णय होता है। वहीं, सीएमओ डॉ. गीतम सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी केवल उन मामलों में होती है, जब मौत अस्पताल में होती है। ऐसे में प्रार्थना पत्र देने पर शव वाहन उपलब्ध कराया जाता है।