राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को करनैलगंज के कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नेहा मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उधर, शहर के वेंकटाचार्य क्लब में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित लोगों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता से ही तैयार होती है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।