कुआनो नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच लोगों को डूबने से बचाने वाला किसान तुलाराम शुक्ला (45) खुद गहरे पानी में डूब गया। मंगलवार शाम भैंसहवा घाट पर हुए इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से किसान की तलाश की जा रही है। धानेपुर थाने की ग्राम पंचायत बिहुरी के मजरे शिव बक्श पुरवा में स्थापित देवी प्रतिमा का मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर विसर्जन किया जा रहा था। गांव के लोग गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा लेकर कुआनो नदी के भैंसहवा घाट पहुंचे थे। शाम को विसर्जन के दौरान करीब पांच युवा नदी में डूबने लगे। पांचों को संकट में देख गांव निवासी किसान तुलाराम शुक्ला ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। तुलाराम ने एक-एक कर पांचों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन इस दौरान वह खुद गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। उसे डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना पर धानेपुर थानाध्यक्ष विपुल पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी/सीओ सदर अभिषेक दावच्या ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तुलाराम की तलाश कराई जा रही है।