विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गोंडा परिसर में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई और जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य राम सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया। चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ, नोएडा सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर 15 जुलाई को लखनऊ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित होगा। उसी क्रम में जिले में पहले से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता नीरज मौर्य, जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब चंद्र मौर्य, अविनाश प्रताप सिंह, शिवाकांत तिवारी, विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।