गोंडा। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्जनपदीय पशु तस्कर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश दद्दन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र निवासी दद्दन और उसके साथी फारूख के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान दद्दन को गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, एक चार पहिया वाहन तथा 1.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दद्दन पर पशु तस्करी के 8 और फारूख पर 4 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।