जैतपुर गांव में विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लगे एक बीएलओ द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने का मामला सामने आया है। जौनपुर जिले के मालानी सराय खास निवासी विपिन यादव, जो सहायक अध्यापक के साथ बीएलओ की ड्यूटी निभा रहे थे, मंगलवार अचानक उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन व सहकर्मी उन्हें आनन-फानन में जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। हालांकि जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और डॉक्टरों से विपिन की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के विशेषज्ञों से भी संवाद कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जहर खाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डा. आफताब आलम ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर थी, उसे लखनऊ रेफर किया गया है।