गोंडा में सावन के दूसरे सोमवार को सुबह से ही जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर, शहर के दुखहरणनाथ मंदिर, वजीरगंज के बालेश्वरनाथ मंदिर और करनैलगंज के बाबा बरखंडीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर पुलिस भी मुस्तैद रही। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने श्रावण सोमवार के दृष्टिगत देर रात थाना नवाबगंज क्षेत्र में गोण्डा-अयोध्या सीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुगम यात्रा के लिए लागू ट्रैफिक डायवर्जन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।