गोंडा में सावन के पहले सोमवार पर जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलकामना की। शहर के प्रसिद्ध दुखहरण नाथ मंदिर और खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला, पुरुष और युवा भक्त बड़ी संख्या में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसरों और आसपास पुलिस बल तैनात है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।