गोंडा में प्राइवेट स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूलने को लेकर बृहस्पतिवार को छात्रों ने अनोखा प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय छात्र पंचायत के बैनर तले छात्र कलेक्ट्रेट के टिनशेड में इकट्ठा हुए। उन्होंने मच्छरदानी में बैठकर विरोध जताया। संगठन के अध्यक्ष शिवम पांडेय ने बताया कि जिस प्रकार से मच्छर लोगों का खून चूसते हैं, उसी प्रकार से प्राइवेट स्कूल संचालक अभिभावकों का खून चूस रहे हैं। स्कूल संचालक मनमानी तरीके से किताब के नाम पर, ड्रेस के नाम पर, ट्यूशन फीस के नाम पर, क्रीड़ा शुल्क के नाम पर, स्कूल किट के नाम पर अभिभावकों का शोषण कर रहे हैं। छात्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र लिखकर मांग की गई है कि प्रदेश में फीस रेगुलेशन बिल लाकर एक निर्धारित नियमावली बनाएं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ल, सूरज शुक्ला, प्रदीप यादव, रंजीत पांडेय, राजेश मौर्य, शुभम तिवारी, सतीश मिश्र आदि मौजूद रहे।