होली पर्व को देखते हुए जनपद का मेडिकल कॉलेज हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों व एंबुलेंस चालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि इमरजेंसी व वार्डों में व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। रीजनल मैनेजर अजय सिंह के अनुसार, होली के दौरान 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। 108 एंबुलेंस को दुर्घटना बहुल क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों व थानों के नजदीक चिह्नित स्थानों पर तैनात किया गया है। उद्देश्य यह है कि आपात स्थिति में मरीजों को न्यूनतम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके।